भागलपुर में तेज रफ्तार बाइक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नाव घाट के पास सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भतोरिया निवासी 56 वर्षीय मनोहर यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

 

बताया जा रहा है कि मनोहर यादव रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। वह सड़क किनारे पैदल दरियापुर की ओर से अपने घर भतोरिया लौट रहे थे। इसी दौरान दरियापुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोहर यादव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायल मनोहर यादव को संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

मायागंज अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान मनोहर यादव की मौत हो गई। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और छह पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

 

मृतक के भतीजे राजेश कुमार यादव ने बताया कि चाचा मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हम लोगों ने तुरंत इलाज की व्यवस्था की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि बाइक मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के तौसीफ खान की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *