नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डीमाहा गांव से दो सगे भाइयों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों भाई 24 अप्रैल को ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले थे लेकिन अब तक वापस नहीं लौटे हैं जिससे परिवार में चिंता और गांव में सनसनी फैल गई है।
लापता बच्चों की पहचान राजेश चौधरी के पुत्र हर्ष कुमार और मोक्ष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे रोज की तरह साइकिल से ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले थे लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की,रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया लेकिन दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद पिता राजेश चौधरी ने गोपालपुर थाना पहुंचकर गुमशुदगी का आवेदन दिया। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बच्चों को खोजने की गुहार लगाई है। परिजनों को आशंका है कि कहीं उनके बेटों के साथ कोई अप्रिय घटना न हो गई हो।पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और दोनों बच्चों की तलाश जारी है।
