बोकारो से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मायके जाने की जिद एक महिला की मौत की वजह बन गई। पति ही अपनी पत्नी का कातिल बन बैठा और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मामला पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के चाकुलिया पंचायत स्थित रामडी टोला का है। यहां विकास रजवार अपनी पत्नी सोनू देवी और 13 माह के मासूम बच्चे के साथ रहता था। विकास रजवार तमिलनाडु में मजदूरी का काम करता था और करीब 10 दिन पहले ही अपने गांव लौटा था।
बताया जा रहा है कि पत्नी सोनू देवी लगातार अपने मायके जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर शनिवार की रात पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। परिवार के लोगों ने भी बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
रविवार सुबह जब सोनू देवी गहरी नींद में सो रही थी, तभी पति विकास रजवार ने कुल्हाड़ी उठाई और उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सोनू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
हत्या करने के बाद आरोपी पति ने खुद अपने पिता शक्तिपद रजवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिंडराजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति विकास रजवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बचती नजर आई।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है, जहां एक छोटी सी जिद ने एक मासूम बच्चे से उसकी मां छीन ली।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो
