पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी गांव के पास शनिवार को नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा सांसद प्रतिनिधि के बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बुलेट बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान भाजपा सांसद वीडी राम के प्रतिनिधि ईश्वरी पांडेय के पुत्र आकाश पांडेय के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आकाश पांडेय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, आकाश पांडेय पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला गांव के निवासी थे। शनिवार सुबह वे अपने घर से रेहला जाने के लिए निकले थे। रास्ते में पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
परिजनों के अनुसार, आकाश पांडेय की शादी महज एक वर्ष पहले ही हुई थी। इस अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घर में चीख-पुकार का माहौल है और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि स्कॉर्पियो पड़वा से मेदिनीनगर की ओर जा रही थी, जबकि बुलेट विपरीत दिशा से आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खेत में जा पलटी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
