पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत कधवन गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सनातन स्कूल बस के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि सनातन स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को लेने के लिए निर्धारित स्थान पर खड़ी थी। बस का खलासी नूर मोहम्मद, जिसकी उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है, बच्चों के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूल बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के खलासी नूर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए। बस में मौजूद कुछ बच्चों और अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं, हालांकि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता पिछले 6 से 7 वर्षों से सनातन स्कूल बस में खलासी के रूप में कार्यरत थे और परिवार का भरण-पोषण इसी नौकरी से होता था। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
थाना प्रभारी गुलशन बिरुवा ने मृतक के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
