पटना स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय इनोवेशन डिजाइन एंड एंटरप्रेन्योरशिप बूट कैंप 2026 का सफल समापन हो गया। इस कार्यक्रम में देश के आठ राज्यों के 20 कॉलेजों से कुल 169 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 135 लड़के और 34 लड़कियां शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को 41 टीमों में बांटा गया था। समापन समारोह में पांच टीमों को उनके उत्कृष्ट स्टार्टअप आइडिया के लिए सम्मानित किया गया। इन चयनित टीमों को संस्थान के इनक्यूबेशन सेंटर की ओर से सीड फंड प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपने आइडिया को आगे विकसित कर सकें। यह आयोजन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन काउंसिल के सहयोग से हुआ।

इनक्यूबेशन सेंटर के इंचार्ज प्रोफेसर भरत गुप्ता ने बताया कि इस बूट कैंप का उद्देश्य युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में लड़कियों की भागीदारी इस बात का संकेत है कि अब वे भी स्टार्टअप के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

पांच दिनों के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्रों को स्टार्टअप के विभिन्न पहलुओं की गहन जानकारी दी गई। पहले दिन डिजाइन थिंकिंग, दूसरे दिन बिजनेस मॉडल, तीसरे दिन प्रोटोटाइप डेवलपमेंट, चौथे दिन फाइनेंशियल लिटरेसी और अंतिम दिन फंड रेजिंग के तरीकों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

चीफ जूरी प्रशांत सिन्हा ने बताया कि स्टार्टअप एक सब्जेक्टिव प्रक्रिया है, लेकिन सभी 41 टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंततः AIR-BAN, HE LEAF, VEER ECO STEP, SAHAYAK और PAINTEX जैसे पांच स्टार्टअप आइडिया को सर्वश्रेष्ठ चुना गया।

इनमें ‘सहायक’ एआई आधारित हेल्थकेयर सिस्टम, ‘वीर ईको स्टेप’ इको-फ्रेंडली फुटवियर, ‘एयर-बाण’ स्मार्ट एयर प्यूरीफायर और ‘पेंटेक्स’ रोबोटिक पेंटिंग सिस्टम जैसे नवाचार शामिल हैं। ये सभी आइडिया समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर केंद्रित हैं और भविष्य में बड़े बदलाव की क्षमता रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *