भीषण गर्मी और स्कूल–कॉलेजों की छुट्टियों के बीच ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पूर्व रेलवे ने दबाव कम करने और कन्फर्म सीट की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पांच समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। इस फैसले से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को खास फायदा मिलेगा।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम मांझी के अनुसार, गर्मियों में प्रवासी मजदूरों, छात्रों और परिवारों की आवाजाही अचानक बढ़ जाती है, जिससे नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट हो जाती है। इसी को देखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे गुजरात से बिहार–बंगाल तक यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे द्वारा घोषित ट्रेनों में उधना–मालदा टाउन स्पेशल (09063/09064) 27 अप्रैल से चलेगी, जो पूरी तरह एसी कोच से लैस होगी। वहीं गांधीधाम–मालदा टाउन स्पेशल (09463/09464) 25 अप्रैल से शुरू होकर जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा देगी। 28 अप्रैल से उधना–मालदा टाउन की एक और स्पेशल (09013/09014) चलाई जाएगी, जिसमें सामान्य और स्लीपर कोच होंगे।

इसके अलावा 29 अप्रैल से साबरमती–आसनसोल स्पेशल (09435/09436) लंबी दूरी के यात्रियों के लिए एसी सुविधा के साथ चलेगी। वहीं सुल्तानपुर–डंकुनी स्पेशल (04250/04249) 24 अप्रैल से उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रियों को जोड़ रही है।

इन ट्रेनों का ठहराव न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर जैसे स्टेशनों पर होगा, जिससे मुंगेर और आसपास के इलाकों के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

हर साल गर्मियों में वेटिंग लिस्ट 200–300 तक पहुंच जाती है, ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। रेलवे ने कहा है कि टिकट बुकिंग की तारीख जल्द घोषित की जाएगी और यात्रियों को आधिकारिक वेबसाइट या आरक्षण केंद्र से अपडेट लेते रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *