पटना से बड़ी खबर है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में राज्य के शहरी विकास को नई दिशा देने वाला अहम फैसला लिया गया है। सरकार ने बिहार के 11 शहरों में सुनियोजित विकास के लिए 11 नए सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की मंजूरी दे दी है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य के 9 प्रमंडलीय मुख्यालयों के साथ-साथ सीतामढ़ी और सोनपुर को भी शामिल किया गया है। इन टाउनशिप के लिए विशेष क्षेत्र और कोर क्षेत्र का चयन कर लिया गया है, साथ ही इनके नामों को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।

नई टाउनशिप की सूची में पटना (पाटलिपुत्र), दरभंगा (मिथिला), सहरसा (कोसी), पूर्णिया (पूर्णिया), गया (अंग), मुजफ्फरपुर (तिरहुत), भागलपुर (विक्रमशिला), छपरा (सारण), सीतामढ़ी (सीतापुरम) और सोनपुर (हरिहरनाथपुर) शामिल हैं। इन क्षेत्रों में आधुनिक और सुनियोजित शहरी ढांचे का विकास किया जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि मास्टर प्लान लागू होने तक इन चिन्हित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री, हस्तांतरण, भूमि विकास और भवन निर्माण पर अस्थायी रोक रहेगी। समूह-1 के लिए 31 मार्च 2027 और समूह-2 के लिए 30 जून 2027 तक यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार के अनुसार, यह कदम राज्य में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। इससे शहरीकरण को सुव्यवस्थित किया जा सकेगा और अनियोजित विस्तार पर रोक लगेगी।

नई टाउनशिप में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें बेहतर सड़क नेटवर्क, जल-निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर शामिल होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की भी उम्मीद है।

गौरतलब है कि इस योजना की नींव 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में रखी गई थी, जिसे अब आगे बढ़ाते हुए सम्राट सरकार ने लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यह पहल बिहार के शहरी भविष्य को नई पहचान देने वाली साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *