बिहार के सुपौल जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. पटना से उदाकिशुनगंज जा रही यात्रियों से भरी एक बस की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. यह हादसा निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही स्थित हर्ष पेट्रोल पंप के पास एनएच-27 पर हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सब-वे के पास पलट गई.
बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे. हादसे में दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली (SDH) ले जाया गया, जहां 14 लोगों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया.
अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार की देखरेख में डॉक्टरों की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. आलोक राज के अनुसार, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक, बस अपने रास्ते पर आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बस में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई. इस हादसे में बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. वहीं, ट्रक चालक भी वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.
घायलों में मधेपुरा, आलमनगर, उदाकिशुनगंज, पटना, जमुई और सुपौल के कई यात्री शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया गया.
निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह लग रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
