भागलपुर: बिहार में नवगठित एनडीए सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में भागलपुर भाजपा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अर्जित शास्वत चौबे ने राज्य के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा बिजेंद्र यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अर्जित शास्वत चौबे ने अपने संदेश में कहा कि बिहार में नई सरकार का गठन राज्य के विकास के लिए एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रदेश को विकास, सुशासन और प्रगति के नए रास्ते पर आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार हमेशा से जनहित को सर्वोपरि रखती आई है और इस बार भी सरकार युवाओं, किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाएगी। चौबे ने उम्मीद जताई कि राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
अर्जित शास्वत चौबे ने आगे कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ एनडीए सरकार बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां आम जनता के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
अंत में उन्होंने नवगठित सरकार के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि बिहार आने वाले समय में एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में देश के सामने नई पहचान बनाएगा।
