जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से एक व्यापक अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का शुभारंभ वार्ड संख्या 7 महुलडंगाल से किया गया, जहां नगर पंचायत की टीम ने जमीनी स्तर पर पहुंचकर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया और विशेष सफाई अभियान चलाया।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खनडेत और समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पूरी टीम महुलडंगाल पहुंची। टीम ने मोहल्ले की नालियों का निरीक्षण किया और वहां जमी गंदगी को हटाने के लिए अभियान शुरू किया। इस दौरान नालियों की सफाई, कचरे का उठाव और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया, ताकि संक्रमण और बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं बल्कि नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महीने में कम से कम तीन बार सभी वार्डों में इस तरह का सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे हर इलाके में स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। खासकर आने वाले बरसात के मौसम को देखते हुए नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जलजमाव की समस्या से बचा जा सके।
वहीं कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खनडेत ने बताया कि नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार यह वार्ड स्तरीय अभियान शुरू किया गया है। जहां-जहां जरूरत है, वहां सफाई, झाड़ू और कचरा उठाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि पोयला बैशाख के शुभ अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालियों की साफ-सफाई बेहद जरूरी है, ताकि बीमारियों और जलजमाव से लोगों को राहत मिल सके।
जामताड़ा | संवाददाता: संतोष कुमार
नगर पंचायत प्रशासन का दावा है कि इस पहल से जामताड़ा में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा और लोगों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सकेगा।
