भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

कार्यक्रम के तहत जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष महेश दास ने गनगनिया पंचायत के महादलित टोला में आयोजित समारोह में भाग लिया। उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और लोगों को उनके विचारों पर चलने का संदेश दिया।

 

इस दौरान गनगनिया पंचायत में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली गनगनिया से शुरू होकर कमरगंज होते हुए घोरघट गांव पहुंची और पुनः गनगनिया पंचायत के महादलित टोला में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान “बाबा साहेब अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

 

वहीं, मुरारका महाविद्यालय के समीप रैयदास नगर, दुधैला गांव में भी अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक भव्य रैली निकाली गई। यह रैली मुरारका महाविद्यालय से शुरू होकर शाहाबाद चौक, बैकुंठपुर गांव होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस रैली में भी बड़ी संख्या में लोगों और बच्चों की भागीदारी देखने को मिली।

 

कार्यक्रम के दौरान महेश दास और सेवानिवृत्त शिक्षक जमादार दास सहित अन्य वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए किए गए उनके प्रयासों को याद करते हुए युवाओं को प्रेरित किया।

 

पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *