झारखंड के पलामू जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान डाली पंचायत में एक ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
छत्तरपुर अनुमंडल के डाली स्थित कौशल नगर, मोहनलाल खुर्जा पार्वती देवी पार्क में बाबा साहेब की जयंती बड़े ही धूमधाम, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर छतरपुर पूर्वी के जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर कैंडल जलाकर और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद गाजे-बाजे, झंडे-बैनर और ‘जय भीम’ के नारों के साथ शोभायात्रा पूरे डाली पंचायत में निकाली गई।
यात्रा के दौरान जगह-जगह पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे इलाके में ‘जय भीम’ के गगनभेदी नारों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
इस मौके पर जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल ने कहा कि बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने सभी को समान अधिकार दिया है और हमें समाज में समानता एवं भाईचारे को बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी ताकत है और हर माता-पिता को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास करना चाहिए, ताकि बाबा साहेब का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य साबुद्दीन अंसारी, उप मुखिया नगीना खातून, अफजाल अंसारी, जुबेर अंसारी, गुलाम गौस, रामजी प्रसाद, श्रवण कुमार, वसीम अंसारी, सरताज अहमद, दिल मोहम्मद, बृजेश कुमार, बाबूराम, शिवनाथ राम, अवधेश राम, विनोद राम और सत्येंद्र राम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
