झारखंड के पलामू में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘हर घर संविधान’ अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य संविधान को जन-जन तक पहुंचाना है।
मेदिनीनगर स्थित अंबेडकर पार्क में झारखंड क्रांति मंच के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धीरज कुमार वर्मा उर्फ धीरज चन्द्रवंशी ने की, जबकि संचालन केंद्रीय सचिव विजय राम ने किया। कार्यक्रम में मंच के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और संविधान की प्रतियों का वितरण शुरू किया।
इस मौके पर शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा कि बाबा साहेब आज भी संविधान रूपी राष्ट्र ग्रंथ में जीवित हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ही देश को समता, न्याय और स्वतंत्रता प्रदान करता है। यह केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों वंचितों और शोषितों के अधिकारों का आधार है।
उन्होंने आगे कहा कि आज हर घर में धार्मिक ग्रंथ तो हैं, लेकिन संविधान नहीं है। इसी सोच के साथ ‘हर घर संविधान’ अभियान शुरू किया गया है, ताकि लोगों को उनके अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि पलामू के हर प्रखंड और पंचायत स्तर तक संविधान वितरण और जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान लस्सी और शरबत वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
अंत में कई गणमान्य लोगों को संविधान की प्रति और भीम पट्टिका देकर सम्मानित किया गया।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
