झारखंड के बोकारो में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी इन दिनों गंभीर आरोपों के चलते विवादों के घेरे में आ गए हैं। उनकी पत्नी गुलाबी देवी ने उन पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
गुलाबी देवी अपनी दो बेटियों और परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचीं और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति दूसरी शादी करने जा रहे हैं और इसे रोकना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि यह उनके और उनके बच्चों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने यह भी मांग की कि पुलिस उनके पति को बुलाकर मीडिया के सामने सच्चाई स्पष्ट करवाए।
वहीं, इस पूरे मामले पर रतनलाल मांझी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है। मांझी का कहना है कि उनकी पत्नी वर्ष 2019 से उनके साथ नहीं रह रही हैं और उनका किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी सामाजिक स्तर पर बैठकों का आयोजन हो चुका है और उनकी पत्नी द्वारा पेटरवार थाने में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज हो चुका है। मांझी के अनुसार, उन्होंने 2022 में तलाक का मामला दायर किया था, जबकि उनकी पत्नी ने 2023 में मेंटेनेंस का केस किया, जिस पर 2025 में फैसला आया और वे वर्तमान में 12,500 रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण दे रहे हैं।
मांझी ने कहा कि उनके दो बेटियां मां के साथ और एक बेटा उनके साथ रह रहा है। उन्होंने दोहराया कि दूसरी शादी का आरोप पूरी तरह निराधार है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले के समाधान का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि इस विवाद में आगे क्या मोड़ आता है।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो
