बोकारो से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां बहला-फुसलाकर भगाई गई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने करीब चार महीने बाद महाराष्ट्र के नासिक से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है।

 

मामला दिसंबर महीने का है, जब माराफारी थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग की मां ने थाने में आवेदन देकर अपनी बेटी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में एक संदिग्ध मोबाइल नंबर का भी जिक्र किया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

 

अनुसंधान के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे और तकनीकी जांच के आधार पर एक युवक का नाम सामने आया, जिसकी पहचान दुग्धा निवासी गोलू रजक के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी।

 

जांच में पता चला कि आरोपी पहले हैदराबाद में छिपा हुआ था और बाद में वहां से नासिक चला गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नासिक में दबिश दी और नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी गोलू रजक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं बरामद नाबालिग लड़की को बोकारो लाया गया है, जहां उसका न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

 

इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर समाज और परिवार को और सतर्क रहने की जरूरत है। हालांकि, पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते इस मामले में सफलता मिली है, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।

संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *