सहरसा, 18 मार्च 2026: आसन्न पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईद, रामनवमी सहित अन्य आगामी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि या विवाद की स्थिति को सख्ती से रोका जाएगा। प्रशासन द्वारा जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि ईद और रामनवमी के अवसर पर डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी आयोजकों से अपील की कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग दें।

 

इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। किसी भी प्रकार के भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट या संदेश को साझा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए विशेष निगरानी टीम सक्रिय कर दी गई है।

 

बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और सभी समुदायों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

 

जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *