भागलपुर जिले के नगर परिषद सुल्तानगंज द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के तहत गंगा स्वच्छता पखवाड़ा दिवस के अवसर पर स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और गंगा नदी को साफ व पवित्र बनाए रखने का संदेश देना था।

 

रैली की शुरुआत नगर परिषद सुल्तानगंज कार्यालय परिसर से की गई। इस दौरान मुरारका महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स के दर्जनों छात्र-छात्राएं, विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके साथ ही नगर परिषद सुल्तानगंज के सभापति राज कुमार गुड्डू, प्रशिक्षु एएसपी सयाम रजा, इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, वार्ड पार्षद नवीन कुमार बन्नी, सुभाष कुमार, रीना देवी और संजय चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रैली में शामिल हुए।

 

स्वच्छता जागरूकता रैली नगर परिषद परिसर से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और नगर परिषद के कर्मियों ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरा इधर-उधर न फेंकने और गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया।

 

रैली का समापन नमामि गंगे घाट पर किया गया, जहां सभी प्रतिभागियों ने मिलकर घाट परिसर की साफ-सफाई की। इस मौके पर लोगों को यह भी बताया गया कि गंगा नदी केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि जीवनदायिनी भी है, इसलिए इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

 

इस अवसर पर नगर परिषद सुल्तानगंज के सभापति राज कुमार गुड्डू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के तहत नगर परिषद लगातार स्वच्छता को लेकर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और गंगा जल को शुद्ध व स्वच्छ बनाए रखने का संदेश देना है।

 

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी, कर्मी क्रांति कुमारी सहित दर्जनों कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अभियान में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे शहर में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *