टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में जीत का जश्न मनाया। खिलाड़ी मैदान पर अपने परिवार और दोस्तों के साथ खुशी के पल साझा करते नजर आए। कोई अपने परिजनों के साथ फोटो खिंचवा रहा था तो कोई डांस कर इस जीत को सेलिब्रेट कर रहा था।
इसी बीच टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का जश्न अब विवादों में घिर गया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो और तस्वीरों में हार्दिक पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उस समय उनकी पीठ पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज बंधा हुआ था और जश्न के दौरान वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्टेज पर ही लेट गए थे।
इसी घटना को लेकर पुणे के एक एडवोकेट वाजिद खान ने पंड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एडवोकेट वाजिद खान का आरोप है कि यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है। उनका कहना है कि 1971 के राष्ट्रीय ध्वज अधिनियम के तहत तिरंगे का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लेकिन हार्दिक पंड्या ने जश्न के दौरान तिरंगे को पहनकर और उस हालत में स्टेज पर लेटकर उसकी गरिमा का उल्लंघन किया है।
वाजिद खान ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जब वे शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने शुरुआत में कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए यहां केस दर्ज करना संभव नहीं है।
हालांकि एडवोकेट ने पुलिस को बताया कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है और इसके अपमान से संबंधित शिकायत किसी भी जगह दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उन्हें शिकायत की कॉपी भी सौंप दी।
फिलहाल इस मामले को लेकर खेल जगत और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है।
