भागलपुर जिले के सजौर थाना क्षेत्र के कराड़िया गांव में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रहे अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभा टूटकर पास में मौजूद किशोर पर गिर पड़ा। खंभे के नीचे दबने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रिंस कुमार झा के पुत्र विक्रम कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम ने इस वर्ष इंटरमीडिएट की फाइनल परीक्षा दी थी और पढ़ाई में काफी तेज छात्र माना जाता था। हादसे के समय वह सुबह करीब 8 बजे अपने घर के पास खेल रहा था।
परिजनों के अनुसार अचानक तेज रफ्तार से आ रहा अवैध बालू लदा ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर सीधे विक्रम पर गिर पड़ा। खंभे के नीचे दबने से उसकी छाती की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल विक्रम को आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि अन्य लोग इसकी चपेट में आने से बच गए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मृतक के पिता प्रिंस कुमार झा ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में लगातार चलते रहते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
