2025 के महाकुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आईं मोनालिसा भोसले एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है। मोनालिसा ने केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित अरुमनूर श्री नैनार देव मंदिर में एक्टर और मॉडल फरमान खान के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों ने 11 मार्च को परिवार के खिलाफ जाकर यह विवाह किया।

शादी के बाद से ही सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को काफी आलोचनाओं और विवादों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने इस शादी को ‘लव जिहाद’ तक करार दिया। हालांकि इन आरोपों पर अब खुद मोनालिसा और उनके पति फरमान खान ने खुलकर अपनी बात रखी है।

फरमान खान ने ‘लव जिहाद’ के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनका रिश्ता प्यार और आपसी सहमति पर आधारित है। वहीं मोनालिसा भोसले ने भी स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की है और वह सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान करती हैं।

मोनालिसा ने बताया कि उनकी मुलाकात करीब छह महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए फरमान खान से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में फरमान इस शादी के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने ही उन्हें मनाया।

मोनालिसा के मुताबिक उनके माता-पिता उनकी शादी उनकी बुआ के बेटे से करवाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने इस रिश्ते को इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि वह उन्हें भाई की तरह मानती थीं। इसी वजह से उन्होंने अपनी पसंद से शादी करने का फैसला लिया।

बताया जा रहा है कि इस अंतर्जातीय विवाह से मोनालिसा के परिवार वाले खुश नहीं थे। स्थिति को देखते हुए मोनालिसा ने सुरक्षा के लिए केरल पुलिस से भी मदद मांगी है।

मोनालिसा भोसले मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, जबकि फरमान खान महाराष्ट्र के निवासी हैं। करियर की बात करें तो मोनालिसा जल्द ही पी. बिनु वर्गीस की मलयालम फिल्म ‘नागम्मा’ से अभिनेता कैलाश के साथ मलयालम सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। इसके अलावा वह सनोज मिश्रा की फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ से बॉलीवुड में भी डेब्यू करने की तैयारी कर रही हैं। सोशल मीडिया पर भी मोनालिसा काफी सक्रिय रहती हैं और विभिन्न ब्रांड्स के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *