बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ (संयुक्त संघर्ष मोर्चा) पटना के आह्वान पर बुधवार को सहरसा स्टेडियम में जिला पदाधिकारी के समक्ष राजस्व कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन करते हुए एकदिवसीय धरना दिया। धरना में जिले सहित विभिन्न अंचलों के बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी शामिल हुए और सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की।
धरना में शामिल कर्मियों ने कहा कि राज्यभर के राजस्व कर्मचारी पिछले एक महीने से हड़ताल पर हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। कर्मियों का आरोप है कि पूर्व में सरकार और विभागीय अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता और समझौते हुए, बावजूद इसके मांगों को लागू नहीं किया गया।
संघ की प्रमुख मांगों में नव नियुक्त कर्मियों को गृह जिला में पदस्थापन, ग्रेड पे 2800 (लेवल-5) लागू करना, क्षेत्र भ्रमण के लिए ईंधन सुविधा सहित मोटरसाइकिल उपलब्ध कराना, कलम एवं डायरी भत्ता, कार्य अवधि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित करना तथा अवकाश के दिनों में कार्य नहीं लेने की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा ACP/MACP सेवा लाभ, कार्य निष्पादन हेतु लैपटॉप, मॉडेम, डोंगल और मासिक रिचार्ज सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संतोष कुमार झा ने की। इस दौरान उन्होंने मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है और कई कर्मचारी विचलित स्थिति में पहुंच गए हैं। जिला भूमि सुधार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा हम किसी पर टीका टिप्पणी नहीं करेंगे हम अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण पूरे बिहार में आंदोलन कर रहे हैं ये मंत्री जी है सही चीज को समझ नहीं पा रहे हैं और मंत्री जी प्रमोशन लेकर युटुबर बन गए हैं सही चीज समझ नहीं पा रहे हैं हमारी जो उचित मांग है वो देना होगा इस बार मंत्री जी का अरियल व्यवस्था नहीं चलने देंगे तमाशा बनाए हुए हैं जितना वह काम करता है तो उसको उतना रुपया दिजिए हम लोग भी ईश बार सर पर कफन बांध के सभी कर्मचारी पूरे बिहार के बैठे हुए हैं आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री श्रवण कुमार ने किया। धरना को बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया और सरकार से शीघ्र समाधान निकालने की मांग की। धरना में बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।
