अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करते हुए घरेलू मैदान पर ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया।
हालांकि इस हाईवोल्टेज मुकाबले के दौरान मैदान पर एक दिलचस्प और थोड़ी तीखी घटना भी देखने को मिली। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच कुछ देर के लिए नोकझोंक हो गई, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी खूब हो रही है।
दरअसल, यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई। ओवर की पांचवीं गेंद के बाद अर्शदीप सिंह ने फॉलो-थ्रू में एक गेंद फेंकी जो रिवर्स स्विंग होकर गलती से डेरिल मिचेल की जांघ पर लग गई। गेंद लगते ही मिचेल नाराज हो गए और उन्होंने अर्शदीप पर नाराजगी जाहिर की। मैदान पर माहौल थोड़ा गरमा गया।
स्थिति को देखते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव तुरंत बीच में आए और उन्होंने मिचेल को शांत कराया। वहीं अंपायर ने भी अर्शदीप से बातचीत कर मामले को शांत कराया। ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप सिंह ने खेल भावना का परिचय देते हुए मिचेल के पास जाकर उनसे माफी मांगी। दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया और गले भी मिले, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
मैच के बाद एक इंटरव्यू में अर्शदीप सिंह ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि गेंद रिवर्स स्विंग हुई और गलती से मिचेल को लग गई थी। उन्होंने बताया कि वह तुरंत मिचेल के पास जाकर उनसे माफी मांगने गए थे।
अर्शदीप ने टीम की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि अभी यह पल बेहद खास लग रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में कई मैच विनर खिलाड़ी हैं और पूरी टीम ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत भारत ने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की।
