मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार इन दिनों एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत भावनात्मक अंदाज में की। सोमवार को निशांत कुमार पटना के कंकड़बाग स्थित अपनी दिवंगत मां स्वर्गीय मंजू सिन्हा के नाम पर बने पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।
मां की प्रतिमा के सामने निशांत कुमार भावुक भी नजर आए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज मां हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ है। उन्होंने कहा, “मैंने मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया है। अगर आज मां होतीं तो वह जरूर खुश होतीं।” इस दौरान उनके ननिहाल पक्ष के कई रिश्तेदार भी मौके पर मौजूद रहे।
निशांत कुमार ने बताया कि वह आने वाले दिनों में बिहार के सभी जिलों की यात्रा पर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि वह राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश करेंगे।
इस दौरान उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा दी गई बधाई पर भी प्रतिक्रिया दी और उनका धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी। झारखंड के क्रिकेटर ईशान किशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि वह हमारे ही क्षेत्र से आते हैं।
मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद निशांत कुमार पटना साहिब गुरुद्वारा भी पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु के दरबार में मत्था टेका। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से उनका स्वागत किया गया और उन्हें सरोपा देकर सम्मानित किया गया।
बताते चलें कि रविवार को जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। फिलहाल पार्टी में उनकी भूमिका एक कार्यकर्ता की है और उन्हें अभी कोई आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं दी गई है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भविष्य में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
