अग्निशमन सेवा भागलपुर की जन-जागरूकता टीम द्वारा सोमवार को सबौर प्रखंड अंतर्गत बरारी पंचायत के ज्योति विहार कॉलोनी में अग्नि सुरक्षा और बचाव से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संकीर्ण बस्तियों और अग्नि संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आग से बचाव के तरीकों और आपदा के समय सतर्क रहने के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने, प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने तथा सुरक्षित तरीके से बचाव करने के बारे में विस्तार से बताया। टीम के सदस्यों ने गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति, बिजली से लगने वाली आग और घरों में होने वाली छोटी घटनाओं से निपटने के व्यावहारिक उपायों का प्रदर्शन भी किया। साथ ही लोगों को बताया गया कि घबराने के बजाय संयम और समझदारी से काम लेने पर बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में बरारी पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने अग्निशमन विभाग की टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के तरीके का अभ्यास किया और उपस्थित लोगों को आपदा के समय सतर्क और तैयार रहने की सलाह दी।
मुखिया जयकरण पासवान ने कहा कि आपदा के समय जागरूकता ही सबसे बड़ा सहारा होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अग्नि सुरक्षा से जुड़ी जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते सही कदम उठाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि आज सीखी गई जानकारी को अपने आसपास के लोगों तक भी जरूर पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।
उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए अग्निशमन सेवा भागलपुर की टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम के दौरान ज्योति विहार कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों से दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे और सभी ने अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
