भागलपुर के प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार एक बार फिर अपनी अनोखी कला को लेकर चर्चा में हैं। अपनी बारीक और अनूठी कलाकृतियों के लिए पहचाने जाने वाले मधुरेंद्र कुमार ने इस बार युवा नेता निशांत कुमार को खास अंदाज में बधाई दी है।
मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के छोटे से हरे पत्ते पर बेहद सूक्ष्म और आकर्षक लीफ आर्ट बनाते हुए “वेलकम टू जदयू, कांग्रेट्स निशांत” लिखकर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। लगभग 3 सेंटीमीटर के इस छोटे से पत्ते पर बनाई गई इस कलाकृति को तैयार करने में उन्हें करीब 5 घंटे का समय लगा।
इस अनोखी कलाकृति में मधुरेंद्र कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा निशांत कुमार को बधाई देते हुए एक मनमोहक दृश्य भी उकेरा है। इतनी छोटी जगह में इतनी बारीकी से चित्र और संदेश को उकेरना उनकी कला और धैर्य का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है। पत्ते पर जदयू में आपका स्वागत है, बधाई हो निशांत जैसे संदेश भी बड़ी खूबसूरती से अंकित किए गए हैं।
मधुरेंद्र कुमार की लीफ आर्ट की खासियत यह है कि वह प्रकृति की साधारण चीजों को अपनी कला से असाधारण बना देते हैं। पीपल के पत्ते जैसे नाजुक माध्यम पर इतनी सूक्ष्म कला उकेरना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और अभ्यास से इसे संभव बनाया है।
उनकी इस अनोखी कला की चर्चा अब कला प्रेमियों और सोशल मीडिया पर भी तेजी से हो रही है। लोग उनकी प्रतिभा और धैर्य की जमकर सराहना कर रहे हैं।
मधुरेंद्र कुमार इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों की तस्वीरें पत्तों पर उकेरकर सुर्खियां बटोर चुके हैं। उनकी कला न केवल भागलपुर बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन कर रही है।
एक बार फिर उनकी इस नई कलाकृति ने यह साबित कर दिया है कि रचनात्मकता और समर्पण के दम पर साधारण चीजों को भी असाधारण बनाया जा सकता है।
