भागलपुर जिले में कोसी नदी में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए छह दोस्तों में से तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के छह दोस्त एक साथ कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे नदी में उतरकर नहा रहे थे, तभी अचानक तीन बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। गहराई ज्यादा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और देखते ही देखते तीनों डूब गए।
हादसे के बाद साथ गए तीन अन्य दोस्तों ने किसी तरह नदी से बाहर निकलकर गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। जैसे ही घटना की खबर गांव में पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना प्रशासन को भी दी गई। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद करीब शाम 5 बजे तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान लक्ष्मण कुमार (13), पिता कैप्टन यादव, युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14), पिता पिंटू यादव और नयन कुमार (12), पिता शंकर शर्मा के रूप में हुई है। तीनों बच्चे हरिओ (महेशपुर) गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा बिहपुर के त्रिमुहान घाट के पास हुआ।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। तीनों बच्चों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन लोगों से नदी में नहाते समय सावधानी बरतने की अपील कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
