बिहार के भोजपुर जिले से शादी समारोह के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जयमाला से ठीक पहले दुल्हन ने दूल्हे की शक्ल-सूरत को लेकर आपत्ति जताते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा उसे “अंकल टाइप” लगता है और वह किसी भी हाल में उससे शादी नहीं करेगी। इस फैसले के बाद पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई और अंततः बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
मामला भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के दलेलगंज गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कोसडिहरा गांव से 25 वर्षीय सुधीर कुमार की बारात पूरे धूमधाम से दलेलगंज पहुंची थी। बारातियों का स्वागत भी पूरे रीति-रिवाज के साथ किया गया और जयमाला की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान जब दूल्हा सज-धजकर स्टेज पर पहुंचा और 22 वर्षीय दुल्हन शोभा कुमारी की नजर उस पर पड़ी, तो उसने अचानक शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन ने अपने पिता से साफ शब्दों में कहा, “यह लड़का अंकल टाइप दिखता है। मैं अपनी सहेलियों और समाज को क्या जवाब दूंगी? अगर जबरदस्ती शादी कराई गई तो मैं जान दे दूंगी।”
दुल्हन की इस बात से शादी के घर में हड़कंप मच गया। परिजन और रिश्तेदार उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा, लेकिन दुल्हन का फैसला नहीं बदला।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब समझाने के दौरान ही दुल्हन चुपचाप घर से कहीं चली गई। इस बीच दूल्हा सुधीर कुमार हाथ में वरमाला लिए घंटों स्टेज पर खड़ा इंतजार करता रहा, लेकिन दुल्हन वापस नहीं लौटी। आखिरकार देर रात बारात को बिना शादी के ही वापस लौटना पड़ा।
इस घटना से आहत दूल्हे ने बताया कि यह रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ था। 15 फरवरी को रिश्ता तय हुआ था और लड़की ने उसे दो बार देखकर पसंद भी किया था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी, लेकिन आखिरी वक्त पर इस तरह शादी से इनकार करने से दूल्हा पक्ष काफी अपमानित महसूस कर रहा है।
फिलहाल इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर हो रही है।
