पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने से पहले पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शनिवार को वे अपने पुराने सक्रिय अंदाज में दिखाई दिए। बख्तियारपुर दौरे के दौरान उन्होंने एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना ही होगा।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में देरी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उनके इस कड़े रुख से साफ संकेत मिला कि राज्यसभा जाने से पहले भी वे प्रशासनिक कामकाज को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं।

 

इसी क्रम में मुख्यमंत्री 10 मार्च से सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए तीन दिवसीय ‘समृद्धि यात्रा’ पर निकलने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान वे बिहार के छह से अधिक जिलों का दौरा करेंगे और वहां चल रही सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगे। यात्रा के दौरान वे मधेपुरा में नवनिर्मित पुलिस लाइन का लोकार्पण भी करेंगे।

 

इस यात्रा के तहत मुख्यमंत्री सुपौल, किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा और खगड़िया समेत कई जिलों में जाएंगे। 10 मार्च को वे सुपौल से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। 11 मार्च को किशनगंज और अररिया में ‘प्रगति यात्रा’ के तहत विकास योजनाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद 12 मार्च को कटिहार और पूर्णिया में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में 13 मार्च को वे मधेपुरा से सहरसा और खगड़िया का दौरा करेंगे।

 

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करना और आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना है।

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भी दाखिल किया है। नामांकन से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए उन्होंने इस बार राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है और बिहार की नई सरकार को अपना पूरा समर्थन देने की बात कही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *