सहरसा जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जनगणना 2027 के सुचारु क्रियान्वयन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में वास्तविक जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस कार्य के लिए समेकित रूप से 16 चार्ज पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उनके नेतृत्व में प्रखंड, नगर परिषद, नगर पंचायत एवं नगर निगम स्तर पर जनगणना कोषांग का गठन किया गया है, जो निर्धारित समयसीमा में सभी कार्यों के निष्पादन के लिए जवाबदेह होंगे।
प्रशिक्षण व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना अधिकारियों, प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं अन्य कर्मियों को प्रशिक्षित करने हेतु 2 मास्टर ट्रेनर तथा 68 फील्ड ट्रेनरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला स्तर पर जनगणना कार्यों के समन्वित संचालन के लिए जिला मतगणना कोषांग का भी गठन किया गया है। इसके वरीय नोडल पदाधिकारी सह जिला जनगणना पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता निशांत तथा अपर जिला मतगणना पदाधिकारी के रूप में वरीय उप समाहर्ता सिमरन कुमारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी दी। बंगाली बाजार स्थित आरओबी, तिलावे में उड़ाही कार्य, बायपास निर्माण, मत्स्यगंधा, उग्रतारा एवं मंडन मिश्र क्षेत्र में संचालित विकासात्मक कार्यों और भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से जिला प्रशासन जिले के समेकित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता श्री निशांत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
