सहरसा। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सहरसा पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सहरसा पुलिस लाइन पहुंचकर प्रशिक्षु जवानों की ट्रेनिंग और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

 

डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि होली जैसे पर्व पर भीड़-भाड़ और आपसी उत्साह के बीच कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी निभानी होगी। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से संयमित, सौहार्दपूर्ण और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

 

मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि जिले में रणनीतिक तरीके से पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त बल की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही विशेष गश्ती दल, क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई टीम) और सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी सक्रिय रहेंगे। शराबबंदी कानून के पालन और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है।

 

निरीक्षण के दौरान जवानों को मॉक ड्रिल के माध्यम से संभावित आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग और आपसी समन्वय पर विशेष अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

सहरसा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति और भाईचारे के साथ होली मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *