सहरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के फेज–07 के तहत शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल हुई। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी कर 64 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 52 हजार 364 रुपये आंकी गई है।

 

यह अभियान बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की शुरुआत 16 अगस्त 2024 को हुई थी, जिसके तहत अब तक कुल 07 फेज पूरे किए जा चुके हैं। पहले छह फेज में 288 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली धारकों को लौटाए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 41 लाख 88 हजार 785 रुपये थी।

 

फेज–07 को मिलाकर अब तक कुल 352 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 56 लाख 41 हजार 149 रुपये है। पुलिस केंद्र, सहरसा में आयोजित एक कार्यक्रम में वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में इन मोबाइल फोनों को संबंधित धारकों को सौंपा गया। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो वे तुरंत संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराएं और दूरसंचार विभाग के सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, ताकि मोबाइल को ब्लॉक कर ट्रैकिंग की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

 

‘ऑपरेशन मुस्कान’ का उद्देश्य आमजन के चेहरे पर मुस्कान लौटाना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। सहरसा पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराध नियंत्रण और जनसहयोग के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *