शहर के बटराहा स्थित श्री श्री 108 बजरंग बली मंदिर एवं मुशहरु बाबा समाधि प्रांगण में आज धर्म यज्ञ ध्वजा की स्थापना के साथ अखिल भारतीय भगैत भारत महासभा, कोशी अंचल सहरसा के 66वें वार्षिक महाधिवेशन का विधिवत शुभारंभ हो गया। फागुन शुक्ल पक्ष एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह में श्रद्धालुओं, भगैत साधकों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी।
वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच धर्म ध्वजा स्थापित की गई। पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन समिति ने बताया कि ध्वजारोहण के साथ ही महाधिवेशन की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है।
समिति के अनुसार बिहार राज्य भगैत महासम्मेलन सह विष्णु यज्ञ का आयोजन 29 से 31 मार्च 2026 तक किया जाएगा। यह आयोजन लगातार 72 घंटे तक चलेगा, जिसमें प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। देश-विदेश से संत, विद्वान, तपस्वी और विभिन्न भगैत मंडलियां इसमें भाग लेंगी। धार्मिक संवाद, लोककल्याण और सामाजिक समरसता इस महाधिवेशन का मुख्य उद्देश्य रहेगा।
कार्यक्रम में नगर निगम प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात, आवास और प्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय भगैत संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नूनुलाल यादव, राष्ट्रीय सभापति अशोक मानव यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
