समस्तीपुर जिले में शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर जहां शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर माफिया और उसके समर्थकों ने हमला कर दिया, वहीं दूसरी ओर मद्य निषेध विभाग ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।

 

पहली घटना अंगारघाट थाना क्षेत्र के विरनामा गांव की है। यहां शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर शराब माफिया और उसके समर्थकों ने हमला बोल दिया। हमले में एक दारोगा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने साहस दिखाते हुए मौके से एक शराब धंधेबाज को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में हुई। मद्य निषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गंगापुर और अकलू चौक के बीच एनएच-28 किनारे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब लदी है। सूचना मिलते ही टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी मद्य निषेध निरीक्षक समीर कुमार के पर्यवेक्षण और निरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में की गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 4915.440 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे होली में खपाने के लिए लाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक मिथिलेश कुमार, निवासी शिवनगर, जिला औरंगाबाद, को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है।

 

इन दोनों कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि समस्तीपुर पुलिस और मद्य निषेध विभाग शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *