बक्सर जिले के चौसा में दो दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जयमाल के मंच पर दुल्हन को गोली मारने वाले सनकी आशिक दीनबन्धु को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में जयमाल की रस्म चल रही थी। इसी दौरान अचानक आरोपी दीनबन्धु ने दुल्हन पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन गंभीर रूप से घायल होकर मंच पर गिर पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मेहमान तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था और शादी से पहले उसने उसे मनाने की कोशिश भी की थी। लेकिन युवती द्वारा इंकार किए जाने और शादी तय हो जाने से वह बौखला गया। इसी नाराजगी में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार उत्तर प्रदेश से लेकर आया था। शुभम आर्य, पुलिस अधीक्षक बक्सर ने बताया कि आरोपी की मंशा दुल्हन को कई गोलियां मारकर मौके पर ही हत्या करने की थी, लेकिन पिस्टल में खराबी आ जाने से वह अपने मंसूबे में पूरी तरह सफल नहीं हो सका। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी पहले शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर एकतरफा प्यार के नाम पर बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
