सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान–जीवन आसान’’ (Ease of Living) कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आम नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समेकित रूप से कुल 40 आवेदनों पर सुनवाई की गई और संबंधित विभागों को उनके त्वरित एवं सम्यक निष्पादन के लिए निर्देशित किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। सुनवाई के क्रम में नवहट्टा निवासी आशा कुमारी ने घर से बेदखली से संबंधित आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसके निवारण हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
सिमरी बख्तियारपुर निवासी उपेंद्र पासवान ने भू-अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना प्रभारी, बलवाहाट को जांच एवं उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं नवहट्टा की निम्मी सिंह ने जनहित में सड़क जीर्णोद्धार से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया, जिसे जिला पंचायत राज पदाधिकारी को आवश्यक पहल के लिए अग्रसारित किया गया।
बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सहदेव कुमार ने भूमि विवाद से जुड़ा आवेदन दिया, जिसके निष्पादन हेतु अंचलाधिकारी, पतरघट को निर्देशित किया गया। इसके अलावा अन्य आवेदनों पर भी संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को प्रशासनिक स्तर पर त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान कर शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता (वि० जांच) गणेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
