भागलपुर में पुलिस सप्ताह के अवसर पर खेल और सौहार्द का शानदार नजारा देखने को मिला। ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में जिला प्रशासन और पत्रकार एकादश के बीच एक दोस्ताना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें पत्रकार एकादश ने 17 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच शुरू होने से पहले जिला प्रशासन की ओर से कप्तान और सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव तथा पत्रकार एकादश के कप्तान कुणाल शेखर टॉस के लिए मैदान के बीच पहुंचे। टॉस जीतकर कुणाल शेखर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
निर्धारित 12 ओवर के मुकाबले में पत्रकार एकादश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि इसके बाद बल्लेबाज चंदू ने आक्रामक अंदाज में 60 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। वहीं शैलेन्द्र मणि संदेश ने जुझारू बल्लेबाजी करते हुए 38 रन जोड़े। इन दोनों की दमदार पारियों की बदौलत टीम ने 12 ओवर में 128 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिला प्रशासन की टीम ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। डीडीसी प्रदीप कुमार ने 37 रनों की अहम पारी खेली, जबकि सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने भी आकर्षक शॉट्स से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। बावजूद इसके टीम 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 111 रन ही बना सकी।
गेंदबाजी में शैलेन्द्र मणि संदेश और अविनाश ने 2-2 विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया। कप्तान कुणाल शेखर ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए एक महत्वपूर्ण विकेट झटका।
समापन पर विजेता टीम को सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव और डीडीसी प्रदीप कुमार ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। सीनियर एसपी ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासन और समाज के बीच विश्वास और सामंजस्य को मजबूत करते हैं।
