भागलपुर: भागलपुर के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक मुरारी यादव को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में मुरारी यादव को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुरारी यादव चाय की एक दुकान पर बैठा हुआ था, तभी बाइक पर सवार अपराधी वहां पहुंचे और उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मुरारी यादव जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे भूमि विवाद को कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुरारी यादव बायपास थाना क्षेत्र का निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही मधुसुदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सिटी एसपी ने बताया कि गोलीबारी के कारणों को लेकर जांच जारी है और फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं घायल मुरारी यादव के भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि इस वारदात को अशोक यादव, राकेश पाल और आशीष यादव ने अंजाम दिया है। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर उनके भाई पर हमला किया गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
