भागलपुर में ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बढ़ते कोहरे के कारण लोगों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। खासकर सुबह और देर रात के समय घनी धुंध छा जाने से सड़क पर चलना बेहद जोखिम भरा हो गया है। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी बढ़ गई है।

 

कोहरे के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर–अमरपुर मुख्य मार्ग पर गौराचौकी के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और लोगों की जान बच गई।

 

बताया जा रहा है कि ट्रक रायपुर से भागलपुर की ओर आ रहा था। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर आगे की स्थिति साफ नजर नहीं आ रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे चला गया। गनीमत रही कि ट्रक किसी अन्य वाहन या राहगीर से नहीं टकराया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक की मदद की। इस हादसे में चालक को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। वहीं घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों घना कोहरा लगातार छाया रह रहा है, जिससे खासकर मुख्य मार्गों पर चलना खतरे से खाली नहीं है। वाहन चालकों को कम स्पीड में गाड़ी चलाने और सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से भी मांग की जा रही है कि कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

 

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ सकता है। ऐसे में वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की जा रही है कि बेहद सावधानी के साथ यात्रा करें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *