महाराष्ट्र के नांदेड में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आंतरजातीय प्रेम संबंध को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, लेकिन इस क्रूरता के बाद भी प्रेम की डोर नहीं टूटी। प्रेमिका आंचल मामिडवार ने अपने प्रेमी सक्षम ताटे की मृतदेह के सामने ही विवाह की सभी रस्में निभाईं और दुनिया को प्रेम का ऐसा उदाहरण दिया जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।

 

घटना 27 नवंबर की है। आरोप है कि आंचल के पिता गजानन मामिडवार और दो भाइयों ने मिलकर 20 वर्षीय सक्षम ताटे की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, गोली मारने के बाद उन्होंने उसके सिर पर बड़े पत्थर से वार कर उसकी जान ले ली। वजह सिर्फ इतनी थी कि सक्षम और आंचल एक-दूसरे से प्रेम करते थे और यह रिश्ता परिवार को मंजूर नहीं था।

 

लेकिन मौत भी इस रिश्ते को तोड़ नहीं सकी। घटना के अगले ही दिन आंचल सक्षम के घर पहुंची। वहां शव के सामने ही उसने हल्दी और कुमकुम लगाकर सक्षम से विवाह किया। इतना ही नहीं, उसने सक्षम के खून को अपनी मांग में भर दिया। यह दृश्य देखकर मौजूद हर किसी की आंखें भर आईं। आंचल ने रोते हुए कहा, *“मेरे पिता और भाइयों ने हमें अलग करने की कोशिश की। उन्होंने उसे मार दिया, लेकिन वे हार गए। मेरा प्रेमी मरकर भी जीत गया।”*

 

आंचल और सक्षम का रिश्ता तीन साल पुराना था। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदली और सक्षम का आना-जाना आंचल के घर में भी बढ़ गया। इतना ही नहीं, सक्षम की आंचल के पिता और भाइयों से भी दोस्ती हो गई थी। किसी को उम्मीद नहीं थी कि वही लोग सक्षम के हत्यारे बन जाएंगे।

 

27 नवंबर सक्षम का 21वां जन्मदिन भी था। आंचल ने कहा, *“वह हमेशा चाहता था कि मैं अधिकारी बनूं। अब उसका सपना मैं पूरा करूंगी। वह हमेशा कहता था कि मैं तुम्हें कभी छोड़कर नहीं जाऊंगा। आज वह इस दुनिया में नहीं है, लेकिन मैं उसके सपने अधूरे नहीं छोड़ूंगी।”*

 

हत्या के बाद से आंचल सक्षम के परिवार के साथ रह रही है। उसने आरोप लगाया है कि उसके परिवार से ही सक्षम के परिजनों को खतरा है। उसने मांग की कि सक्षम के परिवार को तुरंत पुलिस सुरक्षा दी जाए। आंचल ने हत्यारों को फांसी देने की भी मांग की है।

 

पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता गजानन मामिडवार और उसके बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

इस हृदयविदारक घटना ने समाज में कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या आज भी प्रेम की कीमत जान देकर चुकानी पड़ती है? और क्या किसी की जाति, किसी की जिंदगी से बड़ी हो सकती है?

 

इस पूरी घटना में केवल एक बात सबसे ज्यादा गूंज रही है—

**प्रेम मौत से भी बड़ा होता है।**

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *