पटना नगर निगम का ‘सहयोग शिविर’ बना जनता की उम्मीद, एक ही छत के नीचे सुनी गईं समस्याएं

पटना: बिहार की राजधानी पटना में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को जनता के करीब लाने के उद्देश्य से मंगलवार को पटना नगर निगम के सभी छह अंचलों में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत नागरिकों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सफाई व्यवस्था, राजस्व, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली और कर्मचारी संबंधी मामलों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

नगर निगम प्रशासन की ओर से आयोजित इस शिविर में टैक्स कलेक्टर, सफाई पर्यवेक्षक और निरीक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी। वहीं सांसद, विधायक, मेयर, डिप्टी मेयर, वार्ड पार्षद और जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया था। अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

बांकीपुर अंचल में आयोजित शिविर में महापौर सीता साहू ने स्वयं पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। यहां विभिन्न प्रकार की शिकायतों के लिए अलग-अलग डेस्क बनाए गए थे, जबकि ‘मे आई हेल्प यू’ डेस्क के माध्यम से लोगों को संबंधित विभाग तक पहुंचने में सहायता दी जा रही थी।

शिविर में पहुंचे राजीव कुमार ने बताया कि उनका मामला कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) से जुड़ा है और अधिकारियों ने एक महीने के भीतर समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं मुकेश कुमार ने यूएएन नंबर से जुड़ी समस्या उठाई, जबकि लोहानीपुर निवासी वृद्ध सुकन साव ने तीन महीने से बंद वृद्धावस्था पेंशन की शिकायत दर्ज कराई।

महापौर सीता साहू ने कहा कि सहयोग शिविर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जन-केंद्रित, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था की सोच को जमीन पर उतारने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि शिविर में सबसे अधिक शिकायतें सामाजिक सुरक्षा पेंशन और भूमि संबंधी मामलों की मिल रही हैं।

नगर निगम प्रशासन ने घोषणा की है कि अब प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। नागरिक व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 और टोल फ्री हेल्पलाइन 155304 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों का दावा है कि यह पहल नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *