भागलपुर के बरारी पंचायत स्थित दियारा क्षेत्र में किसानों की फसलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान ने दावा किया है कि दियारा क्षेत्र में पुलिस कैंप तो बनाया गया है, लेकिन वहां कोई पुलिस पदाधिकारी या सिपाही मौजूद नहीं थे।
बरारी पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान ने बताया कि गंगा दियारा क्षेत्र में हर साल असामाजिक तत्व किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं और कई बार फसल चोरी तथा लूट की घटनाएं भी होती रही हैं। इसे देखते हुए उन्होंने पहले ही औद्योगिक क्षेत्र जीरो माइल थाना से दियारा इलाके में पुलिस गश्ती और कैंप लगाने की मांग की थी।
मुखिया ने बताया कि थाना की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया था कि किसानों की सुरक्षा के लिए दियारा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसी व्यवस्था की जांच करने के लिए वे बुधवार को नाव से मेघाजान, माखूजान और विक्रमशिला सेतु के नीचे स्थित दियारा क्षेत्र पहुंचे।
उन्होंने कहा कि वहां पुलिस कैंप तो बना हुआ था, लेकिन कैंप में कोई पुलिस पदाधिकारी या सिपाही मौजूद नहीं थे। इससे किसानों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। मुखिया ने कहा कि केवल कैंप बना देने से सुरक्षा व्यवस्था पूरी नहीं होती, बल्कि वहां नियमित रूप से पुलिस बल की मौजूदगी भी जरूरी है।
जयकरण पासवान ने प्रशासन से मांग की है कि दियारा क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्ती और कैंप में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रह सके और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाई जा सके।


