मुंगेर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से महिला की मौत; भांजा गंभीर घायल


मुंगेर। जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार हवेली खड़गपुर निवासी मनोरमा देवी अपने भांजे दीपक कुमार के साथ मुंगेर कोर्ट आई थीं। दीपक ने बताया कि उसका छोटा भाई जेल में बंद है और उसी मामले में न्यायालय में तारीख होने के कारण दोनों मुंगेर पहुंचे थे। कोर्ट का काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ के पास भारी वाहनों के कारण लंबा जाम लगा हुआ था। मामी-भांजा धीरे-धीरे बाइक निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नया रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने मनोरमा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक कुमार का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर ली गई है। चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ पर अक्सर जाम और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।

  • Related Posts

    बेटे का शव देखते ही मां ने तोड़ा दम, एक ही आंगन से उठीं मां-बेटे की अर्थियां; नम आंखों से जलीं दो चिताएं

    सहरसा/सिमरी बख्तियारपुर। सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र की चानन पंचायत स्थित सहुरिया, हनुमान टोला में रविवार को एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। राशन कार्ड…

    सुल्तानगंज में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

    भागलपुर: सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी वारदात की कथित साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *