सहरसा में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में युवक घायल, पुलिस जांच में जुटी


सहरसा। जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात हुई इस घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार मामला नवहट्टा नगर पंचायत के मदरसा टोला का है। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना मिलने पर लाडला, पिता स्वर्गीय महबूब अली खान, मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।

आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने लाडला पर फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल पर दो से तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से लाडला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही नवहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए पहले सहरसा सदर अस्पताल भेजा गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक मिस फायर गोली बरामद की है। घायल युवक के भाई ने वार्ड संख्या-7 निवासी हिना खान, रहमतुल्ला समेत अन्य लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।

इधर, सदर थाना अध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। घायल का फर्द बयान दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *