बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जयनगर-उधना एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना प्लेटफॉर्म नंबर 3 की बताई जा रही है, जहां ट्रेन खड़ी थी। राहत की बात यह रही कि जिस बोगी में आग लगी, वह उस समय खाली थी, जिसके कारण कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22563/64 की जनरल बोगी संख्या BC-154788/C में सुबह करीब 3 बजकर 50 मिनट पर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरा डिब्बा धू-धू कर जलने लगा, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया, लेकिन तब तक पूरी जनरल बोगी जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना में किसी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, क्योंकि आग लगने के समय बोगी खाली थी।
इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं यात्रियों में भी घटना को लेकर दहशत का माहौल देखा गया। फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।