बेगूसराय में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। सिघौंल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास दो स्कॉर्पियो गाड़ियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान पोखरिया निवासी 26 वर्षीय ऋषभ कुमार, 24 वर्षीय सन्नी कुमार और 22 वर्षीय हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रुपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पोखरिया गांव के छह दोस्त स्कॉर्पियो से सिमरिया घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि स्नान के बाद सभी दोस्तों ने जन्मदिन मनाने की योजना बनाई थी, लेकिन रास्ते में अंग्रेजी ढाला के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
दूसरी स्कॉर्पियो में विकास, राजा, प्रियांशु, लक्ष्मण, प्रिंस और ज्योतिष समेत छह लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वे बखरी थाना क्षेत्र से विनोदपुर की ओर बारात में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में सभी घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत सिघौंल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ियों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






