कटिहार में जंगली जानवर का आतंक! एक दर्जन से अधिक लोग घायल, रातभर दहशत में रहा पूरा गांव

कटिहार जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र के सोती गांव में रविवार देर रात जंगली जानवर के हमले से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार जानवर लकड़बग्घा था, जबकि पुलिस का कहना है कि यह पागल गीदड़ या सियार भी हो सकता है। इस हमले में महिलाओं, बच्चों और युवकों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।

घायल युवक हर्ष कुमार राय ने बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच गांव के पास पुल पर कुछ युवक बैठे थे। तभी एक व्यक्ति ने आकर बताया कि शादी समारोह से लौटते समय उस पर किसी जंगली जानवर ने हमला कर दिया है। लोग उसकी मदद की बात कर ही रहे थे कि अचानक वही जानवर पीछे से आया और युवकों पर भी हमला कर दिया। हर्ष कुमार राय के हाथ में गंभीर चोट आई।

हमले के बाद जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन जंगली जानवर गांव में घुस गया और कई अन्य लोगों को भी घायल कर दिया। सभी घायलों को पहले डंडखोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया।

डंडखोरा थाना प्रभारी विजय कुमार महतो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को भी सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि जानवर की सही पहचान अभी नहीं हो सकी है। यह पागल गीदड़ या सियार भी हो सकता है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

वन विभाग की टीम ने देर रात तक इलाके में सर्च अभियान चलाया, लेकिन जंगली जानवर पकड़ में नहीं आया। फिलहाल टीम गांव में कैंप कर रही है और तलाश जारी है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी जंगली जानवर को देखकर उसके पास न जाएं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। शाम होते ही गलियां सुनसान हो जाती हैं, माता-पिता बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं और ग्रामीण टॉर्च व लाठियों के सहारे रातभर पहरा दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जंगली जानवर को पकड़कर इलाके को भयमुक्त करने की मांग की है।

Related Posts

सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ी कार्रवाई: सहरसा, खगड़िया और जमुई में धड़ाधड़ गिरफ्तारियां, करोड़ों के रैकेट की जांच

सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ी कार्रवाई: सहरसा, खगड़िया और जमुई में धड़ाधड़ गिरफ्तारियां, करोड़ों के रैकेट की जांच

पटना में तेल गोदाम में भीषण आग, 13 घंटे बाद पाया गया काबू; 20 करोड़ के नुकसान की आशंका

पटना में तेल गोदाम में भीषण आग, 13 घंटे बाद पाया गया काबू; 20 करोड़ के नुकसान की आशंका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *