नालंदा पुलिस की बड़ी सफलता: अंतर्राजीय वाहन चोर गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष की कार बरामद

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में लहेरी थाना पुलिस ने अंतर्राजीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान चोरी की गई दो लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की गई हैं, जिनमें दिल्ली से चोरी हुई होंडा सिटी कार और बिहार शरीफ से चोरी हुई स्कॉर्पियो शामिल है.

जानकारी के अनुसार, 23 मई को बिहार शरीफ के मंगला स्थान क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो चोरी हुई थी. वहीं 25 मई को दिल्ली से चोरी की गई होंडा सिटी कार भी गिरोह के कब्जे से बरामद की गई है. खास बात यह है कि होंडा सिटी कार दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न वाहनों के कई नंबर प्लेट भी जब्त किए हैं.

सदर डीएसपी संकेत कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो चोरी की शिकायत मिलने के बाद लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक तरीके और तकनीकी जांच का सहारा लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की पहचान की. इसके बाद बिहार और झारखंड के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरपुर जिले के हत्था थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार (29) और बिट्टू कुमार (24), वैशाली निवासी अमन कुमार (23) और रजनीश कुमार (20) तथा झारखंड के रांची निवासी अनस जमील (27) और मो. असफान (29) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. आशंका है कि यह गिरोह कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है. सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की गई अन्य गाड़ियों की तलाश में जुटी हुई है. इस कार्रवाई को नालंदा पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *