मुफ्त में मछली नहीं देने पर मछुआरे की हत्या, खगड़िया में बदमाशों का खूनी तांडव

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में मुफ्त में मछली नहीं देने पर एक मछुआरे की हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. मंगलवार देर रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोठिया मधुवा घाट पर बदमाशों ने दो मछुआरों पर हमला कर दिया. इस हमले में 40 वर्षीय रामबालक सहनी की मौत हो गई, जबकि उनके साथी दामोदर सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, रामबालक सहनी और दामोदर सहनी नाव पर सवार होकर बूढ़ी गंडक नदी में मछली पकड़ रहे थे. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनसे मछली की मांग करने लगे. मछुआरों ने बताया कि उस समय उनके पास मछली नहीं थी. इस बात से नाराज होकर बदमाश वहां से चले गए. हालांकि कुछ देर बाद तीन लोग हथियारों के साथ वापस लौटे और नाव को किनारे लगवाकर दोनों मछुआरों पर हमला कर दिया.

आरोप है कि बदमाशों ने पतवार और बांस के बल्लों से दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए. हमले में रामबालक सहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दामोदर सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल दामोदर ने बताया कि आरोपी अक्सर नदी में मछली पकड़ने वालों से मुफ्त में मछली लेते थे. इस बार मछली नहीं मिलने पर उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं सदर एसडीपीओ-1 मुकुल कुमार रंजन ने अस्पताल पहुंचकर घायल और परिजनों से पूछताछ की.

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मछली को लेकर हुए विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश लंबे समय से मछुआरों को परेशान कर रहे थे. घटना के बाद लोगों में डर और आक्रोश दोनों है. पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है.

Related Posts

एनकाउंटर के सवाल पर असहज दिखे पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, वीडियो डिलीट कराने की चर्चा से गरमाई सियासत

एनकाउंटर के सवाल पर असहज दिखे पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, वीडियो डिलीट कराने की चर्चा से गरमाई सियासत

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे विधायक आईपी गुप्ता, बोले- रोशन आनंद की शिकायत पर अब तक FIR नहीं होना सरकार की बड़ी विफलता

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे विधायक आईपी गुप्ता, बोले- रोशन आनंद की शिकायत पर अब तक FIR नहीं होना सरकार की बड़ी विफलता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *