जामताड़ा के फतेहपुर में ज्वेलर्स कारोबारी से पिस्तौल के बल पर लूट, बाजार में फैली दहशत



जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड से शुक्रवार शाम एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। फतेहपुर बाजार स्थित बर्मा ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत बर्मा से अज्ञात अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अमरजीत बर्मा रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर रात करीब 8 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर बस स्टैंड स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उनके पास मौजूद बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि बैग में सोना-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। हालांकि लूटे गए सामान की कुल कीमत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के समय बाजार क्षेत्र में काफी भीड़भाड़ थी और आसपास कई दुकानें भी खुली हुई थीं। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भय का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।

संवाददाता : संतोष कुमार
जामताड़ा

  • Related Posts

    सहरसा सदर अस्पताल में नवजात की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही और बच्चा बदलने का आरोप

    सहरसा। सदर अस्पताल में रविवार दोपहर नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने प्रसव कक्ष के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही…

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *